Tuesday, November 17, 2026
8:27 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

उपनल के नवनिर्मित कार्यालय भवन का सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन, पूर्व सैनिकों और युवाओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

Category Archives: राष्ट्रीय

उपनल के नवनिर्मित कार्यालय भवन का सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन, पूर्व सैनिकों और युवाओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

अग्निवीरों को विदेशों में रोजगार से जोड़ेगा उपनल, 50 प्रतिशत अग्निवीरों को विदेशों में रोजगार दिलाने की तैयारी: गणेश जोशी

हल्द्वानी:  सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज हल्द्वानी में कुमाऊँ मंडल के नवनिर्मित उपनल कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। लगभग ₹1.50 करोड़ की लागत से निर्मित इस भवन से पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों तथा उपनल से जुड़े कार्मिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हल्द्वानी कुमाऊँ मंडल का प्रवेश द्वार है और यहां बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन निवास करते हैं। ऐसे में उपनल का सुसज्जित और सुविधायुक्त कार्यालय होना आवश्यक था। उन्होंने कहा कि पूर्व में उपनल कार्यालय छोटे से कमरे में संचालित होने के कारण पूर्व सैनिकों और अन्य लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए भवन के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान होगा।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उपनल के माध्यम से प्रदेशभर में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। अब विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में मैनपावर की काफी मांग है और इस संबंध में बातचीत चल रही है। उम्मीद है कि आगामी एक माह के भीतर विदेश सेवा से संबंधित प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसका लाभ पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों के साथ-साथ अन्य योग्य युवाओं को भी मिलेगा।

सैनिक कल्याण मंत्री ने घोषणा की कि अग्निवीरों को भी विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए लगभग 50 प्रतिशत अग्निवीरों को उपनल के माध्यम से विदेशों में रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से सैनिक परिवारों के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं को भी बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उपनल में कार्यरत कर्मचारियों के लिए दुर्घटना बीमा सुविधा को मजबूत करते हुए बीमा कवर ₹15 हजार से बढ़ाकर ₹50 लाख किया गया है। इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक के साथ समझौता किया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात सेना एवं पैरामिलिट्री के जवानों के बलिदान की स्थिति में मिलने वाली सहायता राशि को भी ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख किया गया है। शहीदों के परिजनों की इच्छा के अनुरूप उनके नाम पर सड़क, विद्यालय अथवा अन्य संस्थान का नामकरण करने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि शहीदों के सम्मान और उनकी स्मृति को संजोने के लिए सैन्य धाम का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। प्रदेश के 1734 शहीद परिवारों के आंगन की पवित्र मिट्टी तथा 28 नदियों का जल सैन्य धाम में लाया गया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सैन्य धाम को वीर माताओं, वीर नारियों और प्रदेश की जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पूर्व सैनिकों को सचिवालय में अपने कार्यों के लिए अलग से पास की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि उनके लिए पूर्व सैनिक पहचान-पत्र ही पर्याप्त होगा।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सैनिकों, पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों और युवाओं को अधिक से अधिक सुविधाएं एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में नवनिर्मित उपनल कार्यालय भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर मंडी अध्यक्ष अनिल डब्बू, दर्जा मंत्री गंभीर धामी, एमडी उपनल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) जे.एन.एस. बिष्ट, कर्नल गोविंद सिंह, कर्नल आलोक पांडे, कर्नल रमेश अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी माँ भारती के उपासक, राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर वक्ता, प्रख्यात कवि और लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, सुशासन, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने कहा की अटल जी की दूरदर्शी सोच, सरल एवं सहज व्यक्तित्व, उच्च राजनीतिक आदर्श और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।

 


चोरगलिया में मुख्यमंत्री ने सुनी जनसमस्याएं, 9.93 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सेतु का किया लोकार्पण

हल्द्वानी: चोरगलिया में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में ₹9.93 करोड़ की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन बाधित होता था और स्थानीय लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नवनिर्मित सेतु के शुरू होने से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर सम्पूर्ण जनपद में दून पुलिस द्वारा लगातार चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान

जनपद की सीमाओं व आन्तरिक मार्गो पर संदिग्धों की तलाश हेतु लगातार की जा रही सघन चैकिंग* 

रेलवे स्टेशन, बस स्टेशनों, व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डॉग स्क्वाड व बीडीएस टीम के साथ की जा रही आकस्मिक चेकिंग

देहरादून : एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर जनपद के नगर तथा देहात क्षेत्र में पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जनपद के सभी सीमावर्ती चैक पोस्टों के साथ-साथ आन्तरिक मार्गों पर पुलिस द्वारा बाहरी व्यक्तियों/वाहनों की लगातार सघन चैकिंग सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ कर उनके सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है।

इसके अतिरिक्त संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए संदिग्धों की तलाश हेतु रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन व भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध सुनिश्चित करते हुए लगातार प्रभावी गश्त की जा रही है। साथ ही उक्त स्थानों पर डॉग स्क्वाड व बम निरोधक दस्ते के साथ लगातार सघन चैकिंग करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है।


विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने चंद्र मोहन सिंह नेगी राजकीय बेस हॉस्पिटल कोटद्वार का किया औचक निरीक्षण

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने शनिवार को चंद्र मोहन सिंह नेगी राजकीय बेस हॉस्पिटल, कोटद्वार का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल में उपचार ले रहे मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से उपचार, दवाइयों, चिकित्सकों की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी फीडबैक प्राप्त किया।

इस दौरान अस्पताल में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी अच्छी पाई गई। विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, सम्मानजनक व्यवहार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।


टिहरी में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन

टिहरी:  80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी टिहरी में प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्वतंत्रता सेनानियों तथा छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। आजादी के अमृतकाल में युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण और देशहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों और शहीदों को स्मरण करने का है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और सेना में हर पांचवां सैनिक उत्तराखंड से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शहीद सैनिकों एवं उनके परिजनों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुदान राशि में वृद्धि, सरकारी नौकरी तथा सैन्य पुरस्कारों के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने कहा कि आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन उसके प्रभाव को कम किया जा सकता है और प्रदेश सरकार द्वारा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने 1971 के युद्ध में 95 हजार पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण तथा बालाकोट स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो हर चुनौती का मजबूती से जवाब देना जानता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से इतिहास को जानने तथा विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी को अवश्य देखने की अपील की।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों एवं उत्तराखंड आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसके लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। इस दौरान श्रम विभाग द्वारा लाभार्थियों को किट वितरित की गई। मुख्य अतिथि द्वारा कृषि विभाग की ओर से फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत नरसिंह देवता उत्पादक समूह, ग्राम ग्वाड़ सारत्यूला को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा सचल हेल्थ चेकअप चिकित्सा वैन का शुभारंभ एवं निरीक्षण किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, नगर पालिका परिषद टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, सदस्य उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित विशाल जन समूह उपस्थित रहा।


देश का 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

नैनीताल:  देश का 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय नैनीताल के कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।

समारोह में मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जनपद प्रभारी मंत्री ने सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम उन वीर शहीदों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज का दिन हमें देश की एकता, अखंडता और बलिदान की याद दिलाता है। राज्य सरकार जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। हमारा प्रयास है कि हर गांव तक विकास पहुंचे और हर व्यक्ति आत्मनिर्भर बने।

उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और नैनीताल जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जनता के हित में कार्य कर रही है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।महिलाओं को खुले में शौच के लिए न जाना पड़े, इसके लिए प्रदेश में शौचालयों का निर्माण कराया गया है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों को स्वाधीनता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमारा अधिकार है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या,दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा विमला अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे,पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, अपर जिला अधिकारी विवेक राय, भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य गोपाल रावत भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की,उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया डीएसए सचिव मनोज जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि,गणमान्य नागरिक, विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

 


टिहरी पुलिस ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, 25 पुलिस कार्मिक रजत जयंती पदक से अलंकृत

नई टिहरी। देशभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इसी क्रम में टिहरी जनपद में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न पुलिस कार्यालयों, थानों एवं चौकियों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस लाइन चंबा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्मिकों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा का संकल्प दिलाया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए पुलिस कार्मिकों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, ईमानदारी और अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टिहरी पुलिस के 25 पुलिस कार्मिकों को रजत जयंती पदक से अलंकृत किया गया। पदक प्राप्त करने वाले पुलिस कार्मिकों को सम्मानित करते हुए एसएसपी ने उनके योगदान एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

इसी क्रम में पुलिस कार्यालय नई टिहरी सहित जनपद के समस्त थानों एवं चौकियों में भी ध्वजारोहण किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता दिवस की गरिमा एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे ने पुलिस कार्मिकों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं और स्वयं मिठाई वितरित कर सभी को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान से मिली आजादी की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पुलिस बल राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

 


एसजीआरआर विश्वविद्यालय तिरंगे के रंग में रंगा

जोश और जज्बे के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
ऽ छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम

देहरादून। राष्ट्रभक्ति, गौरव और उत्साह से सराबोर वातावरण में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं एसजीआरआर समूह के सभी संस्थानों में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। तिरंगे के रंग में सजे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में देश के स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति अपने दायित्वों की भावना को अभिव्यक्त किया।

श्री दरबार साहिब परिसर में सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सुबह 8ः00 बजे राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने सुबह 9ः00 बजे राष्ट्रध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब हम अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें। विश्वविद्यालय का दायित्व केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संवेदनशील और सक्षम नागरिक तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लगातार मजबूत कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। परिसर में गूंजते देशभक्ति के गीतों और भारत माता के जयघोष से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर, सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने किया ध्वजारोहण

अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें 

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने विभागीय परिसर में ध्वजारोहण किया । इस अवसर पर उन्होंने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

महानिदेशक तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, उपनिदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनीया, अर्चना सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp