Thursday, November 12, 2026
12:34 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया गाना ‘जय हिंद’ हुआ रिलीज

Category Archives: मनोरंजन

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया गाना ‘जय हिंद’ हुआ रिलीज

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। इसी बीच फिल्म का नया गाना ‘जय हिंद’ रिलीज कर दिया गया है। देशभक्ति की भावना से भरपूर इस गाने में सलमान खान भारतीय जवान की वर्दी में नजर आ रहे हैं। गाने को स्टेबिन बेन ने आवाज दी है, जबकि इसके बोल समीर अंजान ने लिखे हैं। हिमेश रेशमिया ने इसका संगीत तैयार किया है।

सलमान खान ने खास संदेश के साथ साझा किया गाना
सलमान खान ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर ‘जय हिंद’ का लिरिकल वीडियो साझा करते हुए देशप्रेम को लेकर खास संदेश दिया। अभिनेता ने लिखा कि मातृभूमि के प्रति प्यार, सम्मान और देशभक्ति जताने के लिए साल के केवल दो दिन पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि यह भावना पूरे साल बनी रहनी चाहिए। उन्होंने प्रशंसकों के साथ गाने का लिरिकल कट साझा करते हुए इसे पसंद करने की उम्मीद भी जताई। अपने खास अंदाज में सलमान ने संगीतकार हिमेश रेशमिया और गायक स्टेबिन बेन का जिक्र करते हुए मजाकिया टिप्पणी भी की।

जोश और देशभक्ति से भरपूर हैं गाने के दृश्य
‘जय हिंद’ के वीडियो में सलमान खान का दमदार और जोशीला अंदाज देखने को मिल रहा है। जवान की वर्दी में अभिनेता का लुक गाने को देशभक्ति का रंग देता है। इसके बोल और संगीत भी मातृभूमि के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण की भावना को सामने लाते हैं। गाने के रिलीज होने के बाद अब दर्शकों की नजरें फिल्म के अगले अपडेट पर टिकी हैं।

अपूर्व लाखिया ने किया है फिल्म का निर्देशन
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले सलमा खान ने किया है। इसमें चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।

गौरतलब है कि इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, लेकिन इस साल की शुरुआत में इसे बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया। अब फिल्म के नए गाने ने इसके प्रति दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद सलमान खान की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।


अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जुहू में गोलीबारी हुई है। यह घटना उस समय हुई जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलकर घर लौट रहे थे। मैदान के बाहर ही उनकी गाड़ी पर गोलीबारी की गई। एक्टर की गाड़ी पर कई गोलियां चलाए जाने की जानकारी सामने आई है।

गोलीबारी की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ ने खुद गाड़ी चलाकर अपने ड्राइवर समेत दो लोगों को अस्पताल पहुंचाया। फायरिंग में दो लोग घायल हुए, जिनमें से एक टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर फिरदौस हैं। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है।

मुंबई पुलिस ने बनाई 15 टीमें
गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस और जुहू पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया गया और जरूरी सबूत जुटाने का काम शुरू किया गया। जहां गोलीबारी हुई, उसके सामने ही एक क्लब है। गोलीबारी की घटना आज रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक के बाद एक दो गोलियां चलाई गईं। कुल सात राउंड फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। मामले में फोरेंसिक टीम ने उस जगह से सबूत इकट्ठा किए, जहां एक्टर टाइगर श्रॉफ के साथ फायरिंग की घटना हुई थी।

हिरासत में एक संदिग्ध
घटना पर बयान जारी करते हुए मुंबई पुलिस ने बताया कि टाइगर सुरक्षित हैं। उन्हें गोली लगने से कोई चोट नहीं आई है। आगे की जांच चल रही है’। घटना की जांच के लिए कुल 15 टीमें बनाई हैं। कुर्ला, बांद्रा, दादर और कल्याण रेलवे स्टेशनों सहित मुख्य ट्रांजिट हब पर तलाशी ली जा रही है। इसी बीच एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और जांचकर्ता उससे पूछताछ कर रहे हैं।

टाइगर से भी हुई पूछताछ
संदिग्धों की पहचान करने के लिए CCTV फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि घटनाओं का क्रम पता लगाने के लिए टाइगर श्रॉफ से भी थोड़ी देर पूछताछ की गई। बाकी संदिग्धों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, किया सलमान का जिक्र
हमले की जिम्मेदारी एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अनिल पंडित और हरमन संधू ने ली है। अनिल खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताता है। अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट साझा किया गया है।

इसमें लिखा है, ‘जय महाकाल…., जय श्री राम। राम राम सभी भाइयों को जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है। इसकी जिम्मेदारी में अनिल पंडित और हरमन संधू लेते है। इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आया, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया। जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा। इतंजार करिए और देखिए।’

मुख्यमंत्री फडणवीस ने की टाइगर से बात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से बात की है। मुख्यमंत्री ने मुंबई पुलिस चीफ से एक्टर के हमलावरों को जल्द पकड़ने को कहा है।

क्या बोले उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे?
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को टारगेट किया गया। यह घटना बहुत चिंता की बात है और निंदनीय है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की है और टाइगर श्रॉफ से भी बात की है। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने गोली चलाने वालों को ट्रैक करने के लिए कई टीमें बनाई हैं। उन्हें पकड़ा जाएगा और उनकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा’।


बॉक्स ऑफिस पर ‘जेलर 2’ का जलवा, ‘रणबाली’ ने भी पकड़ी रफ्तार; जानें ‘दृश्यम 3’ समेत बाकी फिल्मों की कमाई

इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। रजनीकांत की ‘जेलर 2’ रिलीज के साथ ही शानदार कमाई कर रही है, जबकि ‘रणबाली’ ने भी पहले दिन ठीक-ठाक शुरुआत की है। दूसरी ओर, राजकुमार राव की ‘प्रहार’ और यामी गौतम की ‘नई नवेली’ भी दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाने की कोशिश में हैं। वहीं, पहले से सिनेमाघरों में मौजूद ‘दृश्यम 3’ की कमाई में गिरावट दर्ज की जा रही है। आइए जानते हैं कि शुक्रवार को किस फिल्म ने कितनी कमाई की और बॉक्स ऑफिस पर किसका प्रदर्शन बेहतर रहा।

‘जेलर 2’ ने दूसरे दिन भी बरकरार रखा दबदबा

रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। फिल्म ने पहले दिन 59.70 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शानदार आगाज किया था। हालांकि, दूसरे दिन यानी शुक्रवार को इसकी कमाई घटकर 35.60 करोड़ रुपये रह गई। इसके बावजूद फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 95.94 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

वहीं, दुनियाभर में फिल्म ने 209.10 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है और 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। भाषा के हिसाब से देखें तो तमिल संस्करण ने सबसे ज्यादा 68.60 करोड़ रुपये कमाए हैं। तेलुगु में फिल्म का कलेक्शन 19.75 करोड़ रुपये, हिंदी में 6.25 करोड़ रुपये और कन्नड़ में 70 लाख रुपये रहा है।

‘रणबाली’ ने पहले दिन कमाए 9.25 करोड़ रुपये

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘रणबाली’ ने शुक्रवार को सिनेमाघरों में दस्तक दी। इस पीरियड एक्शन फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता थी। खास बात यह है कि शादी के बाद विजय और रश्मिका पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आए हैं।

फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि, दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही हैं। आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।

‘नई नवेली’ ने ओपनिंग में ‘प्रहार’ को पछाड़ा

शुक्रवार को रिलीज हुई राजकुमार राव की फिल्म ‘प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम’ और यामी गौतम की ‘नई नवेली’ के बीच भी कमाई के मामले में मुकाबला देखने को मिला।

पहले दिन ‘प्रहार’ ने 2.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, ‘नई नवेली’ ने 3.25 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इससे बेहतर शुरुआत की। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन की कमाई में यामी गौतम की फिल्म आगे रही।

‘स्ट्रीट फाइटर’ की शुरुआत रही धीमी

हॉलीवुड की मार्शल आर्ट्स कॉमेडी फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ भी शुक्रवार को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई। किताओ सकुराई के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एंड्रयू कोजी, नोहा सेंटिनियो, कैलिना लियांग और विद्युत जामवाल अहम भूमिकाओं में हैं।

हालांकि, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी रही। पहले दिन इसने 1.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

‘दृश्यम 3’ की कमाई में आई गिरावट

बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाने वाली ‘दृश्यम 3’ की कमाई अब धीरे-धीरे कम होती दिखाई दे रही है। फिल्म ने गुरुवार को 4.25 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि शुक्रवार को इसका कलेक्शन घटकर 3 करोड़ रुपये रह गया।

फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 336.01 करोड़ रुपये हो चुका है। इसने पहले सप्ताह में 245.50 करोड़ रुपये और दूसरे सप्ताह में 87.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं, फिल्म का दुनियाभर में कुल कलेक्शन 520.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 62 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

‘हनुमान अंश’ की कमाई में भारी गिरावट

दो महीने से ज्यादा समय से सिनेमाघरों में बनी हुई ‘हनुमान अंश’ अब बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

गुरुवार को रिलीज के 70वें दिन फिल्म ने 65 लाख रुपये कमाए थे, लेकिन शुक्रवार को 71वें दिन इसका कलेक्शन घटकर महज 15 लाख रुपये रह गया। इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 339.13 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि दुनियाभर में इसका ग्रॉस कलेक्शन 448.61 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

कुल मिलाकर, शुक्रवार के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में ‘जेलर 2’ का दबदबा कायम रहा। ‘रणबाली’ ने भी अच्छी शुरुआत की, जबकि ‘नई नवेली’ ने पहले दिन की कमाई में ‘प्रहार’ को पीछे छोड़ दिया। दूसरी ओर, ‘दृश्यम 3’ और ‘हनुमान अंश’ की कमाई में गिरावट देखने को मिली।


दुनियाभर में गूंजेगी भगवान राम की गाथा, रिलीज हुआ ‘रामायण’ का ग्लोबल ट्रेलर

भारतीय पौराणिक महागाथा ‘रामायण’ को भव्य सिनेमाई अंदाज में दुनिया के सामने पेश करने की तैयारी तेज हो गई है। रणबीर कपूर अभिनीत इस फिल्म का अंतरराष्ट्रीय ट्रेलर जारी कर दिया गया है। ट्रेलर में भगवान राम और रावण के किरदारों के साथ जबरदस्त एक्शन, भव्य दृश्य और फिल्म की विशाल दुनिया की झलक देखने को मिल रही है। इसे हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है।

ट्रेलर में दिखी राम और रावण की अलग-अलग दुनिया

‘रामायण’ के ग्लोबल ट्रेलर में अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष को बड़े पैमाने पर दिखाया गया है। एक ओर भगवान राम के आदर्श, साहस और धर्म की झलक है, तो दूसरी ओर रावण की शक्ति और उसके साम्राज्य को प्रदर्शित किया गया है। शानदार दृश्य प्रभावों और एक्शन दृश्यों के जरिए फिल्म के भव्य सिनेमाई संसार को सामने लाने की कोशिश की गई है।

अत्याचार के खिलाफ भगवान राम का संकल्प

ट्रेलर में रावण के तीनों लोकों पर प्रभाव और उसके अत्याचारों के कारण मानव जाति पर मंडराते संकट को दिखाया गया है। इसके बाद भगवान विष्णु के मानव रूप में भगवान राम के अवतार की कहानी आगे बढ़ती है। ट्रेलर में राम और रावण के बीच होने वाले महायुद्ध की झलक भी देखने को मिलती है। भगवान राम का रावण का वध करने का संकल्प कहानी को और प्रभावशाली बनाता है।

इस दौरान साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आती हैं, जबकि रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में एक्शन करते दिखाई देते हैं। ट्रेलर की भव्यता और प्रमुख किरदारों की झलक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचेगी भारतीय महागाथा

फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक अंतरराष्ट्रीय अभियान चलाया जा रहा है। सोनी पिक्चर्स के वैश्विक वितरण नेटवर्क के सहयोग से ‘रामायण’ को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेश करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति और पौराणिक विरासत की इस प्रसिद्ध कथा को वैश्विक स्तर पर बड़े पर्दे तक पहुंचाना है।

बेंगलुरु में आयोजित हुआ ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम

फिल्म के अंतरराष्ट्रीय ट्रेलर को बेंगलुरु में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया। इसका आयोजन प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस की ओर से किया गया। कार्यक्रम में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, संगीतकार ए.आर. रहमान और निर्देशक नितेश तिवारी समेत फिल्म से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

फिल्म में नजर आएंगे ये बड़े सितारे

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म में भारतीय महाकाव्य की कहानी को आधुनिक सिनेमाई तकनीक और भव्य दृश्यों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।

दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’

‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार ऑस्कर जीत चुकी दृश्य प्रभाव कंपनी डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है।

फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहला भाग 5 नवंबर 2026 को, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना निर्धारित है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दर्शकों तक पहुंचेगी।

वितरण की बात करें तो सोनी पिक्चर्स भारत को छोड़कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिल्म रिलीज करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस वितरण की जिम्मेदारी संभालेगा। अब दर्शकों की निगाहें फिल्म के पहले भाग की रिलीज पर टिकी हैं।


‘जेलर 2’ की बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत, पहले दिन ही पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा

सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्साह बना हुआ था और अब इसके शुरुआती कमाई के आंकड़ों ने भी सबका ध्यान खींचा है। 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म ने पहले ही दिन दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। दमदार स्टारकास्ट और रजनीकांत की लोकप्रियता का असर फिल्म की ओपनिंग में साफ नजर आ रहा है।

पहले दिन ‘जेलर 2’ ने कितनी कमाई की?

रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक शानदार प्रदर्शन किया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन ही जबरदस्त कमाई दर्ज की।

फिल्म ने भारत में पहले दिन 59.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

आंकड़ों के अनुसार, फिल्म का पहले दिन का विश्वव्यापी कलेक्शन 125.25 करोड़ रुपये रहा।

इस प्रदर्शन के साथ ही फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 100 करोड़ रुपये से अधिक कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में जगह बना ली।

‘जेलर 2’ में नजर आ रहे हैं ये सितारे

नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ का निर्माण सन पिक्चर्स ने किया है। फिल्म में रजनीकांत के साथ विद्या बालन, राम्या कृष्णन, मिथुन चक्रवर्ती, एसजे सूर्या, सूरज वेंजारामूडु, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म की दमदार स्टारकास्ट को इसकी बड़ी ताकत माना जा रहा है।

बॉक्स ऑफिस पर दूसरी फिल्मों से होगी टक्कर

‘जेलर 2’ की शानदार शुरुआत के बीच आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है। सिनेमाघरों में पहले से मौजूद ‘दृश्यम 3’ दर्शकों को आकर्षित कर रही है। इसके अलावा 16 अक्टूबर को राजकुमार राव की ‘प्रहार’, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की ‘रणबाली’ और यामी गौतम की ‘नई नवेली’ भी रिलीज होने वाली हैं।

इन फिल्मों के सिनेमाघरों में आने के बाद दर्शकों के बीच किस फिल्म का ज्यादा क्रेज रहता है और बॉक्स ऑफिस पर कौन बाजी मारता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

‘दृश्यम 3’ की कमाई का क्या है हाल?

बॉक्स ऑफिस पर ‘दृश्यम 3’ भी अपनी पकड़ बनाए हुए है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने बुधवार को 5.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि गुरुवार को 14वें दिन इसकी कमाई 4.25 करोड़ रुपये रही। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 333 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘जेलर 2’ अपनी शुरुआती रफ्तार को आने वाले दिनों में कितना बरकरार रख पाती है और नई रिलीज होने वाली फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर उसका प्रदर्शन कैसा रहता है।


‘नई नवेली’ की रिलीज से पहले अयोध्या पहुंचीं यामी गौतम, किए रामलला के दर्शन

अभिनेत्री यामी गौतम अपनी आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले वह निर्माता आनंद एल. राय के साथ अयोध्या पहुंचीं, जहां उन्होंने रामलला और हनुमानजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान अभिनेत्री ने भगवान श्रीराम से अपने परिवार और सभी लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। फिल्म में यामी एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं।

अयोध्या में यामी गौतम पारंपरिक परिधान में नजर आईं। उन्होंने पीले रंग की साड़ी के साथ हैवी झुमके और हल्का मेकअप कैरी किया। उनका सादगी भरा अंदाज लोगों का ध्यान खींचता नजर आया। फिल्म के नाम ‘नई नवेली’ के अनुरूप उनका पारंपरिक लुक भी काफी चर्चा में रहा।

16 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘नई नवेली’

यामी गौतम की फिल्म ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसका निर्माण आनंद एल. राय के प्रोडक्शन हाउस कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले हुआ है।

फिल्म में यामी गौतम धर के साथ आदिनाथ कोठारे, सुनीता राजवर और मीता वशिष्ठ भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। कहानी मेरठ की एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी बाहर से जितनी परफेक्ट नजर आती है, अंदर से उतनी ही मजेदार और रहस्यमयी है। फिल्म में यामी का नया किरदार दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है।


‘खोसला का घोसला 2’ की रिलीज डेट बदली, अब इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

दर्शकों के बीच चर्चित फिल्म ‘खोसला का घोसला’ के सीक्वल का इंतजार कर रहे लोगों के लिए नई जानकारी सामने आई है। ‘खोसला का घोसला 2’ की रिलीज तारीख आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे अगले साल सिनेमाघरों में उतारा जाएगा।

5 मार्च 2027 को रिलीज होगी फिल्म

फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी कर रिलीज की नई तारीख का खुलासा किया है। घोषणा के मुताबिक, ‘खोसला का घोसला 2’ अब 5 मार्च 2027 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। मेकर्स ने पोस्ट के साथ लिखा, ‘सौदा पक्का! खोसला परिवार सिनेमाघरों पर कब्जा करने के लिए तैयार है।’

पुरानी स्टारकास्ट फिर आएगी नजर

इस सीक्वल में पहली फिल्म के कई लोकप्रिय कलाकार अपनी भूमिकाओं में वापसी करेंगे। फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, किरण जुनेजा और परवीन डबास नजर आएंगे। इसके अलावा, पहली फिल्म का हिस्सा रहीं तारा शर्मा भी सीक्वल में दिखाई देंगी। पुरानी स्टारकास्ट की वापसी से फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

जमीन के विवाद ने दिलाई थी पहली फिल्म को पहचान

साल 2006 में रिलीज हुई ‘खोसला का घोसला’ का निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया था। फिल्म की कहानी एक मध्यमवर्गीय परिवार के इर्द-गिर्द बुनी गई थी, जो जमीन पर कब्जे और धोखाधड़ी की समस्या से जूझता है। अपनी संपत्ति वापस पाने के लिए परिवार कई कोशिशें करता है।

कॉमेडी, पारिवारिक रिश्तों और जमीन से जुड़े विवादों को दिलचस्प अंदाज में पेश करने वाली इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। समय के साथ यह फिल्म कल्ट क्लासिक के रूप में पहचान बनाने में सफल रही। अब इसके दूसरे भाग से भी दर्शकों को मनोरंजन और पुरानी कहानी के नए अंदाज की उम्मीद है।


दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट की बदली तारीख, अब 30 अक्टूबर को जेएलएन स्टेडियम में सजेगी महफिल

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों के लिए उनके दिल्ली कॉन्सर्ट से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। उनके ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत राजधानी में होने वाले शो की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले यह कार्यक्रम नवंबर में आयोजित होना था, लेकिन अब इसे अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में कराने का फैसला लिया गया है। तारीख बदलने के पीछे 1984 के सिख-विरोधी दंगों की बरसी से जुड़ी संवेदनशीलता को प्रमुख वजह बताया जा रहा है।

30 अक्टूबर को दिल्ली में होगा कॉन्सर्ट

दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट पहले 1 नवंबर 2026 को आयोजित होना निर्धारित था। अब यह कार्यक्रम 30 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। टिकट बुकिंग मंच बुकमायशो ने आधिकारिक बयान जारी कर कार्यक्रम की नई तारीख की जानकारी दी है। इस बदलाव के बाद प्रशंसकों को अब निर्धारित तारीख से दो दिन पहले दिलजीत की प्रस्तुति देखने का मौका मिलेगा।

1984 के दंगों की बरसी के चलते बदली तारीख

दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख में बदलाव का संबंध वर्ष 1984 में हुए सिख-विरोधी दंगों की बरसी से है। 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में सिख समुदाय के खिलाफ हिंसा भड़क उठी थी। इस हिंसा की यादें आज भी समुदाय के लिए बेहद संवेदनशील हैं। ऐसे में 1 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तारीख बदलकर 30 अक्टूबर कर दी गई है।

दिल्ली के बाद इन शहरों में पहुंचेगा ‘ऑरा इंडिया टूर’

दिल्ली के बाद दिलजीत दोसांझ का यह दौरा देश के कई प्रमुख शहरों में जारी रहेगा। उनके कार्यक्रम इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ में भी प्रस्तावित हैं। हालांकि, चंडीगढ़ के कार्यक्रम की तारीख और अन्य जानकारियां बाद में साझा की जाएंगी। अहमदाबाद में दिलजीत 21 नवंबर 2026 को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रस्तुति देंगे। यह दौरा लगभग छह सप्ताह तक चलेगा और इसमें सात शहर शामिल होंगे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोकप्रिय हैं दिलजीत

दिलजीत दोसांझ ने पंजाबी संगीत और भारतीय मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। बीते एक दशक में उनकी लोकप्रियता भारत के साथ-साथ विदेशों में भी तेजी से बढ़ी है। वह एड शीरन जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ काम कर चुके हैं और अमेरिकी कार्यक्रम ‘द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फैलन’ में भी दो बार नजर आ चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान शो के मेजबान जिमी फैलन ने उन्हें ‘दुनिया का सबसे बड़ा पंजाबी कलाकार’ बताया था। दोनों को साथ में भांगड़ा करते हुए भी देखा गया था। यही वजह है कि दिलजीत के भारत दौरे को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह बना हुआ है।

 


‘दृश्यम 3’ ने दुनियाभर में मचाया धमाल, 500 करोड़ के करीब पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन

वीकएंड पर शानदार कमाई करने के बाद अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ की रफ्तार अब धीमी पड़ती नजर आ रही है। रविवार को करोड़ों रुपये का कारोबार करने वाली इस फिल्म की कमाई में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, दूसरी ओर ‘द वन’ की कमाई लाखों में सिमट गई है, जबकि ‘हनुमान अंश’ लंबे समय बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। आइए जानते हैं कि इन फिल्मों ने अब तक कितना कारोबार किया है।

सोमवार को ‘दृश्यम 3’ की कमाई में आई गिरावट

अजय देवगन, तब्बू, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज अभिनीत फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने वीकएंड पर बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। रविवार को फिल्म ने 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि, सोमवार को दर्शकों की संख्या में कमी के साथ इसके कलेक्शन में भी गिरावट देखने को मिली।

फिल्म ने रिलीज के 11वें दिन 6.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही इसका कुल घरेलू नेट कलेक्शन 312.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए इसे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली फिल्मों में गिना जा रहा है।

दुनियाभर में भी शानदार प्रदर्शन

‘दृश्यम 3’ को भारतीय बाजार के साथ-साथ विदेशी दर्शकों से भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 378.24 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं, रिलीज के 11वें दिन फिल्म ने विदेशी बाजारों से 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की।

इन आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 489.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई की रफ्तार कितनी बढ़ती है और क्या यह दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर पाती है।

‘द वन’ की कमाई में लगातार गिरावट

सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और अनुप सोनी की फिल्म ‘द वन’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म की कमाई अब लाखों रुपये तक सिमट गई है।

रविवार को फिल्म ने 1 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, लेकिन सोमवार को इसकी कमाई घटकर महज 35 लाख रुपये रह गई। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 68.59 करोड़ रुपये हो गया है। वीकएंड के बाद आई इस गिरावट ने फिल्म के कारोबार की रफ्तार पर असर डाला है।

‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार

7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी सिनेमाघरों में कमाई कर रही है। फिल्म ने वीकएंड पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए रविवार को 2.80 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

हालांकि, सोमवार को इसकी कमाई में गिरावट दर्ज की गई। फिल्म ने रिलीज के 67वें दिन 1.25 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही इसका कुल घरेलू नेट कलेक्शन 335.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। लंबे समय से सिनेमाघरों में मौजूद रहने के बावजूद फिल्म का कारोबार जारी रहना इसके लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

कुल मिलाकर, जहां ‘दृश्यम 3’ और ‘द वन’ की कमाई में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई, वहीं ‘हनुमान अंश’ लंबे समय बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी बनाए हुए है।


‘रामायण पार्ट 1’ की रिलीज डेट का हुआ ऐलान, दशहरे से शुरू होगी एडवांस बुकिंग

बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल रणबीर कपूर की ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के निर्माताओं ने इसकी रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। साथ ही एडवांस बुकिंग शुरू होने की तारीख भी बता दी गई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। रिलीज से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

नए पोस्टर में दिखी राम, सीता और रावण की झलक

फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज की तारीख का ऐलान किया। पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में दिखाई दे रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं, पोस्टर की पृष्ठभूमि में यश की रावण के रूप में झलक दिखाई गई है। फिल्म के इस नए पोस्टर ने दर्शकों का ध्यान खींचा है और इसके प्रति उत्साह को और बढ़ा दिया है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी है फिल्म

‘रामायण पार्ट 1’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा, सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज होगी ‘रामायण पार्ट 1’

निर्माताओं के मुताबिक, ‘रामायण पार्ट 1’ 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की एडवांस बुकिंग 20 अक्टूबर यानी दशहरे के दिन से शुरू की जाएगी। रिलीज डेट की घोषणा करते हुए निर्माताओं ने नवरात्रि के अवसर पर फिल्म को राम के युग की शुरुआत बताया।

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा की ओर से साझा किए गए संदेश में कहा गया कि नवरात्रि के शुभ अवसर पर एक नए युग की शुरुआत का जश्न मनाया जा रहा है। इसी के साथ ‘रामायण पार्ट 1’ की वैश्विक रिलीज और एडवांस बुकिंग की तारीखों की जानकारी दी गई है। अब दर्शकों को फिल्म के सिनेमाघरों में आने का इंतजार है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp