Sunday, November 8, 2026
9:33 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

अमित शाह के दौरे और धनतेरस को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, कई रूट डायवर्ट

अमित शाह के दौरे और धनतेरस को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, कई रूट डायवर्ट

अमित शाह के दौरे और धनतेरस को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, कई रूट डायवर्ट

पार्किंग के लिए तय किए गए स्थान

देहरादून। राजधानी देहरादून में शुक्रवार, 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे और धनतेरस पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और त्योहार के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार, परेड ग्राउंड में जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक का क्षेत्र जीरो जोन रहेगा। इस दौरान सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक की ओर जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर भेजा जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी के रास्ते जाएंगे, जबकि आराघर से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।

अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए रूट निर्धारित
जनसभा में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं।
– हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें: रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर, सर्वे चौक और रोजगार तिराहे होते हुए पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बसें सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।
– रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें: पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। बसों की पार्किंग बन्नू स्कूल में होगी।
– सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें: सहस्रधारा रोड और सर्वे चौक होते हुए सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग गुरुद्वारा ग्राउंड में होगी।
– विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें: किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर, ओरिएंट चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इनकी पार्किंग भी गुरुद्वारा ग्राउंड में निर्धारित की गई है।

यहां होगी वाहनों की पार्किंग
परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा के लिए वीआईपी वाहनों की पार्किंग शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग में होगी। छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज निर्धारित किए गए हैं। बसों को बन्नू स्कूल ग्राउंड, गुरुद्वारा ग्राउंड और गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में खड़ा किया जाएगा।

पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान भी रहेगा जीरो जोन
पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल की ओर जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं बन्नू चौक से नेगी तिराहे की ओर जाने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक से होकर गुजरेंगे।

पुलिस लाइन में वीआईपी वाहनों के लिए शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन, सम्मेलन कक्ष पार्किंग और एमटी सेक्शन ग्राउंड निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वाहनों की पार्किंग गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में होगी।

धनतेरस पर बाजारों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था
धनतेरस के अवसर पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थल तय किए हैं।
– धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में वाहन पार्क करेंगे।
– नेहरू कॉलोनी जाने वाले लोग जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर की लिंक रोड पर वाहन खड़े करेंगे।
– रिस्पना क्षेत्र के लिए विधानसभा तिराहे के पास राजीव नगर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
– प्रेमनगर बाजार आने वाले लोग दशहरा ग्राउंड में वाहन पार्क करेंगे।
– रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वाले लोग मालदेवता रोड की पार्किंग का इस्तेमाल करेंगे।

पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की एंट्री पर रोक
त्योहारी भीड़ को देखते हुए पलटन बाजार में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिस्पेंसरी रोड से आने वाले वाहनों पर लागू होगा। व्यापारियों को सुबह 10 बजे से पहले लोडिंग का काम पूरा करना होगा।

लोडिंग वाहनों के लिए केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट तक एकतरफा व्यवस्था रहेगी। बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश मिलेगा, जबकि अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

विक्रम और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विक्रम और सिटी बसों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है।
– राजपुर रोड से आने वाले नंबर-1 विक्रम ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस जाएंगे।
– रायपुर रोड से आने वाले नंबर-2 विक्रम सर्वे चौक से वापस भेजे जाएंगे।
– रिस्पना की ओर से आने वाले नंबर-3 विक्रम दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस जाएंगे।
– नंबर-5 और नंबर-8 विक्रम तहसील चौक तक आ सकेंगे।
– राजपुर रोड की सिटी बसों का नया ठहराव ओरिएंट चौक और डोईवाला व सहस्रधारा जाने वाली बसों का ठहराव रेंजर्स ग्राउंड रहेगा।

इसके अलावा यातायात का दबाव बढ़ने पर नंबर-3 विक्रम को धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए भेजा जाएगा। नंबर-5 और 8 विक्रम रेलवे स्टेशन से, नंबर-2 सहस्रधारा क्रॉसिंग से, जबकि नंबर-1 ओरिएंट चौक से वापस किए जाएंगे। प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट के नंबर-7 और 8 विक्रम बिंदाल कट से वापस भेजे जाएंगे।

जाम बढ़ने पर इन मार्गों से होगा ट्रैफिक डायवर्ट
पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी में यातायात का दबाव बढ़ने पर सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन लागू रहेगा। यहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा।

सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा। घंटाघर पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर और दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

धर्मपुर चौक पर दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स और नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर भेजा जाएगा।

शहर में यहां भी मिलेगी पार्किंग की सुविधा
यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं।
– सहस्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड और डालनवाला क्षेत्र: सर्वे चौक से नैनी बेकरी की तरफ, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरेज पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर।
– चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट क्षेत्र: जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड।
– ईसी रोड, रिस्पना, धर्मपुर और नेहरू कॉलोनी क्षेत्र: रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक।
– सहारनपुर चौक, कांवली रोड और पटेलनगर क्षेत्र: पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय के पास और नगर निगम कार्यालय परिसर।
पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज में पार्किंग की सुविधा दोपहर 3 बजे से उपलब्ध होगी।

नो पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो लगेगा 1500 रुपये जुर्माना
यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

पुलिस ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों से अपने परिसरों की बेसमेंट पार्किंग आम लोगों के लिए खोलने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। लोगों से त्योहार के दौरान निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की गई है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को नहीं रोका जाएगा और न ही डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस की अपील: अमित शाह की जनसभा और धनतेरस के चलते शुक्रवार को शहर में यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों से समय रहते खरीदारी करने, स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देने, दोपहिया वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। साथ ही वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक हॉर्न न बजाने का अनुरोध किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp