Thursday, October 15th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

अटेली में दिनदहाड़े चोरी, 52 हजार नकदी और लाखों के जेवर ले उड़ा चोर

अटेली में दिनदहाड़े चोरी, 52 हजार नकदी और लाखों के जेवर ले उड़ा चोर

अटेली में दिनदहाड़े चोरी, 52 हजार नकदी और लाखों के जेवर ले उड़ा चोर

अटेली: हरियाणा के अटेली स्थित कृष्णकुंज कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। एक मकान में घुसे चोर ने 52 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के दौरान आरोपी ने पकड़े जाने से बचने के लिए महिला की आवाज में जवाब देकर मकान मालिक को भ्रमित करने का प्रयास किया। हालांकि, आवाज पर संदेह होने के बाद मकान मालिक ने शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपी मकान के पिछले हिस्से से कूदकर फरार हो गया।

कृष्णकुंज कॉलोनी निवासी सुरेश शर्मा के अनुसार, वह सुबह करीब 11 बजे किसी काम से घर से बाहर गए थे। दोपहर लगभग एक बजे जब वह वापस लौटे, तो मकान का बाहरी दरवाजा खोलने के बाद उन्हें अंदर का दरवाजा बंद मिला। शुरुआत में उन्हें लगा कि उनका बेटा और पुत्रवधू घर पर होंगे और उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद कर रखा होगा।

सुरेश शर्मा ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने ऊपर से अंदर आने और दरवाजा नहीं खोलने पर नाराजगी जताने की बात कही। इसी दौरान भीतर से महिला की आवाज में जवाब आया कि वह नहा रही है। आवाज परिवार की किसी महिला से मेल नहीं खाने पर उन्हें शक हुआ।

मकान मालिक को अनहोनी का अंदेशा हुआ तो उन्होंने चोर-चोर चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी मकान के पीछे की तरफ से कूदकर भाग गया। पीड़ित के मुताबिक, चोर पास में स्थित एक खाली मकान की ओर से उनके घर में दाखिल हुआ था। वारदात को अंजाम देने के दौरान उसने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था।

घटना के बाद घर की तलाशी लेने पर अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। जांच में पता चला कि वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब हैं।

पीड़ित के अनुसार, आरोपी दो सोने की अंगूठियां, दो सोने की बालियां, दो सोने के टॉप्स, एक सोने की नथ, चांदी की पाजेब, चुटकी समेत अन्य आभूषण और 52 हजार रुपये नकद ले गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

वारदात से जुड़ा एक दृश्य सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज में मुंह पर तौलिया बांधे एक युवक मकान से कूदकर भागता दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp