Thursday, October 15th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी दून सख्त, लापरवाही पर होगी विभागीय कार्रवाई

त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी दून सख्त, लापरवाही पर होगी विभागीय कार्रवाई

त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी दून सख्त, लापरवाही पर होगी विभागीय कार्रवाई

देर रात तक चली मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, यातायात और साइबर अपराधों की समीक्षा; बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश

देहरादून। आगामी धनतेरस, दीपावली, नवरात्र और राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने बुधवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, अग्निशमन अधिकारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए। चेकिंग प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्धों और अराजक तत्वों पर नजर रखने को कहा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि चेकिंग में लापरवाही के कारण कोई घटना होने पर संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जाम से निपटने के लिए सड़कों और फुटपाथों से हटेगा अतिक्रमण

त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को पीक आवर्स के दौरान स्वयं व्यस्त मार्गों और चौराहों पर मौजूद रहकर यातायात संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके साथ ही मुख्य बाजारों, सड़कों के किनारे, दुकानों के बाहर और फुटपाथों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम लोगों के आवागमन के साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी निर्बाध रास्ता मिल सके।

ज्वैलरी शॉप, बैंक और एटीएम पर रहेगी विशेष निगरानी

धनतेरस और दीपावली के दौरान चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ज्वैलरी शॉप, सर्राफा बाजार, बैंक, एटीएम, गोल्ड लोन कार्यालयों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता की जांच करने के निर्देश दिए गए।

बिना सुरक्षा गार्ड या सीसीटीवी कैमरों के संचालित एटीएम बूथों और प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर संबंधित प्रबंधकों को नोटिस देने तथा कार्रवाई का रिकॉर्ड थाने में रखने के निर्देश भी दिए गए। पलटन बाजार समेत अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वर्दी और सादे कपड़ों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।

वीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा चाक-चौबंद

शहीद दिवस, राज्य स्थापना दिवस और अन्य राजकीय कार्यक्रमों के दौरान प्रस्तावित वीआईपी एवं वीवीआईपी आगमन को देखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और सत्यापन अभियान तेज करने को कहा गया। सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखने तथा भ्रामक खबरों के जरिए शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

लंबित मामलों के जल्द खुलासे के निर्देश

अपराधों की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने लंबित घटनाओं के कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को मामलों का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। पूर्व में आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे अभियुक्तों पर सतर्क निगरानी रखने तथा उनका नियमित भौतिक सत्यापन करने को भी कहा गया।

साइबर अपराधों में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार

बैठक में सीसीटीएनएस के विभिन्न पोर्टलों पर सूचनाएं समय से अपडेट नहीं करने पर संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। एसएसपी ने सभी सूचनाओं को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

साइबर शिकायतों, ई-जीरो एफआईआर और नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज मामलों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारी सीजन और राजकीय कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp