Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

भजनपुरा फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार; 3 पिस्टल और 18 कारतूस बरामद

भजनपुरा फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार; 3 पिस्टल और 18 कारतूस बरामद

भजनपुरा फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार; 3 पिस्टल और 18 कारतूस बरामद

 दिल्ली। भजनपुरा इलाके में घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान वेलकम निवासी जासिम उर्फ आलू (23) और कैफ उर्फ डीजे (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, 18 कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की ओर से चलाई गई दो गोलियां जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।

घटना 2 अक्टूबर की देर रात भजनपुरा थाना क्षेत्र के सुभाष विहार, उत्तर घोंडा की गली नंबर-16 की बताई जा रही है। पुलिस को करीब 2:43 बजे फायरिंग की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने घर की बालकनी में आया था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे। उनके हाथों में पिस्टल थी और उन्होंने शिकायतकर्ता की ओर तथा हवा में गोलियां चला दीं।

फायरिंग में मकान की कांच की रेलिंग और बाहरी दीवार को नुकसान पहुंचा। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। शिकायत के आधार पर भजनपुरा थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों को पकड़ने के लिए विशेष स्टाफ की टीम को लगाया गया। पुलिस टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों की गतिविधियों से जुड़ा अहम सुराग मिला।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि फायरिंग में शामिल दोनों आरोपी नानकसर से तीसरे पुश्ता रोड होते हुए उस्मानपुर की तरफ मोटरसाइकिल से आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित रास्ते पर घेराबंदी कर दी।

पुलिस का कहना है कि करीब 2:45 बजे बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और 18 कारतूस बरामद किए हैं। इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।

जांच में सामने आया है कि जासिम उर्फ आलू के खिलाफ विशेष प्रकोष्ठ में आर्म्स एक्ट का एक मामला पहले से दर्ज है। वहीं, पुलिस को कैफ उर्फ डीजे का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने शिकायतकर्ता के घर पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने दावा किया कि उन्हें यह वारदात राशिद उर्फ केबलवाला के कहने पर करने के लिए कहा गया था। अब पुलिस पूरे मामले में अन्य संभावित आरोपितों और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp