Sunday, November 8, 2026
9:19 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

बिहारशरीफ में युवक को अगवा कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, हथियार के दम पर बैंक खातों से निकलवाए 30 हजार रुपये

बिहारशरीफ में युवक को अगवा कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, हथियार के दम पर बैंक खातों से निकलवाए 30 हजार रुपये

बिहारशरीफ में युवक को अगवा कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, हथियार के दम पर बैंक खातों से निकलवाए 30 हजार रुपये

बिहारशरीफ। नालंदा जिले में अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाकर अपहरण, मारपीट और जबरन वसूली की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। दीपनगर थाना क्षेत्र में एनएच-20 के कंचनपुर के पास चार पहिया वाहन से पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार युवक को रास्ते में रोककर अगवा कर लिया। इसके बाद उसे सुनसान जगह पर ले जाकर प्रताड़ित किया गया और उसके बैंक खातों से 30 हजार रुपये निकलवा लिए गए। आरोप है कि बदमाशों ने युवक का आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी।

पीड़ित की पहचान गिरियक थाना क्षेत्र के मरकट्टा निवासी पप्पू राउत के 21 वर्षीय बेटे सतीश कुमार राउत के रूप में हुई है। वह फिलहाल पावापुरी थाना क्षेत्र के पूरी गांव में रहता है और पावापुरी बाजार स्थित अपने परिवार की कपड़े की दुकान में सहयोग करता है।

पीड़ित के मुताबिक, बुधवार शाम वह बिहारशरीफ से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान महानंदपुर-कंचनपुर मार्ग के पास चार पहिया वाहन में सवार चार लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। शुरुआत में बदमाशों ने बाइक की किस्त बकाया होने की बात कहकर उसे डराने का प्रयास किया। युवक ने जब बताया कि उसने बाइक नकद खरीदी है, तो आरोपियों ने हथियार दिखाकर उसे अपने कब्जे में ले लिया।

इसके बाद बदमाश उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए। रास्ते में उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी गई, ताकि वह जगह की पहचान नहीं कर सके। सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धमकाकर बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली।

युवक का आरोप है कि बदमाशों ने उससे दो बैंक खातों के एटीएम कार्ड और उनके पिन नंबर पूछे। इसके बाद बिहारशरीफ ले जाकर दोनों खातों से कुल 30 हजार रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर हाथ में हथियार थमाया और जबरन वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे पुलिस के पास नहीं जाने की चेतावनी भी दी गई।

वारदात के बाद बदमाशों ने युवक की आंखों पर फिर से पट्टी बांध दी और उसे एक सुनसान सड़क पर ले जाकर गाड़ी से नीचे उतार दिया। इसके बाद उसकी बाइक की तरफ जाने को कहकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जिन एटीएम से रुपये निकाले गए हैं, उनकी लोकेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp