Thursday, November 19, 2026
5:37 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

फर्जी GST बिलिंग के जरिए देश-विदेश के कारोबारियों से ठगी, मेरठ से आरोपी गिरफ्तार; 8 लाख के नकली बिल बरामद

फर्जी GST बिलिंग के जरिए देश-विदेश के कारोबारियों से ठगी, मेरठ से आरोपी गिरफ्तार; 8 लाख के नकली बिल बरामद

मुजफ्फरनगर। कारोबारियों की पहचान और उनकी फर्मों के जीएसटी नंबर का दुरुपयोग कर फर्जी बिलिंग के जरिए धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अमेरिका में रह रहे एक भारतीय मूल के कारोबारी से भी ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन सिमकार्ड और करीब आठ लाख रुपये के फर्जी बिल बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंवरपाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र के गांव लुहारली का रहने वाला है और वर्तमान में मेरठ के जागृति विहार में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हाईस्कूल पास है और लंबे समय से फर्जी फर्मों तथा जीएसटी विवरण का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहा था।

एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि साइबर क्राइम थाने को अमेरिका में रह रहे आंध्र प्रदेश मूल के डॉ. थारुन रेड्डी की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि मुजफ्फरनगर में पंजीकृत केके एंटरप्राइजेज के नाम पर योनेक्स माविस-350 शटल कॉक की सप्लाई के लिए उनसे 22,400 रुपये लिए गए, लेकिन उन्हें असली उत्पाद के बजाय नकली सामान भेज दिया गया।

शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित फर्म के मालिक रमेश पाल से संपर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी कंपनी सोलर पैनल का कारोबार करती है और शटल कॉक की बिक्री से उसका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी फर्म के नाम और जीएसटी नंबर का इस्तेमाल कर फर्जी बिल तैयार किए जा रहे हैं।

साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसमें पता चला कि आरोपी मोबाइल एप एक्सपोर्ट इंडिया और व्यापार एप के माध्यम से केके एंटरप्राइजेज समेत विभिन्न फर्मों के नाम पर नकली बिल तैयार कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने मेरठ के जागृति विहार में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में आरोपी की धोखाधड़ी का तरीका भी सामने आया है। वह इंटरनेट पर अलग-अलग कंपनियों और व्यापारिक फर्मों की जानकारी जुटाकर उनके नाम तथा जीएसटी से संबंधित विवरण हासिल करता था। इसके बाद इन जानकारियों के आधार पर फर्जी बिल तैयार कर खरीदारों से संपर्क करता था।

विश्वास जीतने के लिए वह ग्राहकों को असली उत्पादों के सैंपल की तस्वीरें भेजता था। भुगतान मिलने के बाद नकली सामान भेज देता था या कई मामलों में सामान की आपूर्ति ही नहीं करता था। शिकायत मिलने पर वह संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देता था और नए नंबर से अपना काम शुरू कर देता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने और धोखाधड़ी जारी रखने के लिए करीब 30 सिमकार्ड तथा अलग-अलग फर्मों के नाम पर 10 जीमेल आईडी का इस्तेमाल किया। उसने अलग-अलग पते बदलकर बैंक खाते भी खुलवाए और उनके जरिए पैसों का लेन-देन किया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने एक साल के दौरान अपने नाम पर करीब 20 मोबाइल नंबर जारी कराए थे। शिकायतों से बचने के लिए वह पुराने नंबर बंद कर नए नंबर इस्तेमाल करने लगता था। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन, तीन सिमकार्ड और लगभग आठ लाख रुपये के फर्जी बिल बरामद किए हैं।

एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp